ऊना में पंचायत चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारी व उपायुक्त राघव शर्मा।
- फोटो : Una
पंचायत चुनाव में 15 जनवरी को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां 15 जनवरी को रवाना होंगी।
चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में बुधवार को उपायुक्त राघव शर्मा ने मतदान से संबंधित समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी विकास खंडों में मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त पोलिंग पार्टियों को दो बार प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने एसडीएम के साथ पोलिंग पार्टियों की मूवमेंट और मतगणना संबंधी तैयारियों की भी जानकारी हासिल की। कोविड पॉजिटिव मतदाताओं के लिए आवश्यक इंतजाम करें। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कर्मी के लिए पीपीई किट उपलब्ध करवाई जाएंगी। सभी पीठासीन अधिकारी पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं के बीच उचित दूरी रखने के लिए उपाय करना सुनिश्चित करें। वोटिंग के दौरान प्रत्येक मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग करना अनिवार्य रहेगा। अगर किसी मतदाता का तापमान 99 डिग्री से अधिक है तो उसे एकांत में बैठाया जाएगा और आधे घंटे के बाद दोबारा स्क्रीनिंग की जाएगी। अगर तापमान में गिरावट नहीं पाई जाती तो उसे मतदान के अंतिम समय में वोट डालने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने शहरी निकाय चुनाव की तरह पंचायत चुनाव में भी कोविड पॉजीटिव और क्वारंटीन व्यक्तियों के मतदान की पूर्ण तैयारी करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्र पर कोरोना संक्रमित और क्वारंटीन व्यक्तियों की अलग-अलग लाइन लगाई जाएगी और सबसे पहले क्वारंटीन व्यक्ति मतदान करेंगे।