भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी बस स्टैंड के पास रविवार को बाबा माईदास सदन के भवन के नजदीक एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। बुजुर्ग शाम को पांच बजे के करीब मंदिर न्यास के बेंच पर लेटा हुआ मिला। देखने में बुजुर्ग काफी कमजोर और बीमार दिख रहा था। मोइन पुलिस को इसकी सूचना मिली तो बुजुर्ग को 108 एंबुलेंस बुलाकर चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी के डाॅक्टर राजेश कुमार ने की है। पुलिस ने बुजुर्ग की शिनाख्त करने की कोशिश शुरू कर दी है और उसके परिवार का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मोइन थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि बुजुर्ग की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। संवाद