अंब(ऊना)। अंब क्षेत्र के गांव चतेहड़ में पेड़ काटने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चतेहड़ निवासी 64 वर्षीय धर्मपाल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने पैतृक क्षेत्र से जुड़ी भूमि की देखरेख करते हैं। दोपहर के समय उन्हें सूचना मिली कि उनके खेत में लगे तुणी के पेड़ को अवैध रूप से काटा जा रहा है। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने वहां पेड़ काट रहे दो व्यक्तियों को ऐसा करने से मना किया। इस बात पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे वनरक्षक ने बीच-बचाव किया। मारपीट में बुजुर्ग के चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से पहले अंब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों कमल देव और जीवन कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।