बच्चों के बौद्धिक और भाषा विकास के लिए किया मार्गदर्शन
थानाकलां स्कूल में माताओं और बच्चों ने बढ़-चढ़ कर लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। राजकीय प्राथमिक केंद्रीय पाठशाला थानाकलां में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बुधवार को एक दिवसीय रेडिनेस मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी हंसराज और विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान राजेश शर्मा ने की। कार्यक्रम में प्रथम संस्था की ओर से अक्षय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेले के सभी कार्यक्रमों का संचालन विद्यालय के केंद्रीय मुख्य शिक्षक वीरेंद्र ठाकुर की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसमें विद्यालय के छात्रों के साथ उनकी माताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और उद्देश्य में चार चांद लग गए। मेले में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से सात प्रकार के शैक्षणिक स्टॉल लगाए गए। इनमें पंजीकरण, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, गणित की पूर्व तैयारी, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास, बच्चों का कोना और प्रतिपुष्टि जैसे स्टॉल शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान माताओं के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की गई। उनके मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और शैक्षणिक पक्षों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस पहल का उद्देश्य माताओं को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में सक्रिय भागीदार बनाना रहा। रेडिनेस मेला न केवल बच्चों के विकास के विभिन्न पहलुओं को उजागर करने का माध्यम बना, बल्कि अभिभावकों को भी शिक्षा की मूलभूत आवश्यकताओं से अवगत कराने में सफल रहा। अध्यापकों में राजेंद्र कुमार, राम पाल, संजय कुमार, सुनीता कुमारी एवं अभिभावकों में ओम प्रकाश, सुशील चौधरी, सपना देवी, सतीश कुमार, निधि शर्मा, बबलू, ममता देवी, उर्मिला कुमारी, इशु ठाकुर, नीलम कुमारी, अनीता देवी आदि उपस्थित रहे।