ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष शशि सैनी और महासचिव संजीव कुमार ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि दसवीं और जमा दो की परीक्षाओं के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड जल्द ही स्पॉट इवैल्यूएशन प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। जिन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य के लिए अध्यापकों और प्रवक्ताओं को बुलाया जाता है, वहां अक्सर बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होती जिससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अध्यापकों और प्रवक्ताओं को छोटे-छोटे बेंचों पर बैठकर घंटों तक मूल्यांकन कार्य करना पड़ता है, जिससे कार्य में दिक्कत आती है। इसके अतिरिक्त मूल्यांकन के दौरान दी जाने वाली रिफ्रेशमेंट की गुणवत्ता भी कई बार संतोषजनक नहीं होती जो ड्यूटी दे रहे अध्यापकों और प्रवक्ताओं की सेहत के लिए ठीक नहीं है। संघ पदाधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के प्रबंधन से मांग की है कि स्पॉट इवैल्यूएशन केंद्रों पर अध्यापकों और प्रवक्ताओं के लिए कुर्सी-टेबल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि वे आरामदायक वातावरण में अपना कार्य कर सकें। इसके साथ ही रिफ्रेशमेंट की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए ताकि मूल्यांकन ड्यूटी के दौरान अध्यापकों और प्रवक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि इन बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा तो मूल्यांकन प्रक्रिया और अधिक सुचारु तथा प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकेगी।