गलुआ वार्ड में मलेरिया के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। विश्व मलेरिया दिवस पर गलुआ वार्ड में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस अवसर पर जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी शारदा सारस्वत ने लोगों को बताया कि मलेरिया एक ऐसी बीमारी है, जो साफ और ठहरे हुए पानी से शुरू होती है। यह रोग मच्छर के काटने से फैलता है। यह मादा एनाफिलिज मच्छर के जरिए इंसानों के बीच फैलती है। मलेरिया प्लाजमोडियम विवेक्स नाम के वायरस के कारण होता है। जब मादा एनाफिलिज मच्छर किसी मलेरिया से संक्रमित व्यक्ति को काटता है, तो वायरस मच्छर के शरीर में ट्रांसफर हो जाता है। जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण ने बताया कि इसमें मरीज को ठंड लगकर कंपकंपी द्वारा 103 डिग्री या इससे अधिक बुखार आता है। यह मच्छर खड़े पानी में प्रजनन करता है तथा रात के समय काटता है। इससे बचने के लिए खड़े पानी की निकासी का होना अत्यंत जरूरी है। इस मौके पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूनम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उर्मिला, ऊना शहर की सभी आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम के तहत सायंकालीन सत्र में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में सफाई कर्मचारियों व नर्सिंग विद्यार्थियों को भी मलेरिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।