संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां(ऊना)। निजी स्कूल एसोसिएशन बंगाणा की बैठक उपाध्यक्ष राकेश शर्मा की अध्यक्षता में निजी होटल बंगाणा में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सभी मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के प्रबंधक विनोद कुमार, मुकुल शर्मा तथा जोगिंद्र देव आर्य सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की सदस्यता शुल्क से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा निजी स्कूलों से संबंधित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की। इसके अलावा शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के हित, शिक्षकों की समस्याओं और निजी स्कूलों के समक्ष आ रही विभिन्न चुनौतियों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन पर सभी सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया और आशा जताई कि आने वाले समय में एसोसिएशन शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक एवं प्रभावी भूमिका निभाएगी। अंत में बैठक में उपस्थित सभी प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों का धन्यवाद किया गया।