हरोली (ऊना)। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 14वीं बटालियन की टीम ने मंगलवार को राजकीय कॉलेज खड्ड में सामुदायिक अभ्यास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। टीम प्रिंसिपल रविदास ने बताया कि अभ्यास आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और सशक्त बनाएगा तथा प्रशासनिक और सामुदायिक स्तर पर आपदाओं से बेहतर ढंग से निपटने की क्षमता विकसित करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभ्यास के परिणाम और निष्कर्ष जिला प्रशासन के साथ साझा किए जाएं। एनडीआरएफ टीम प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं से बचाव के लिए जिले के विभिन्न संवेदनशील व आपदा संभावित क्षेत्रों में अभ्यास करवा रही है तथा संबंधित स्थलों का मैदानी निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्रित करेगी। कार्यक्रम का समापन 18 अक्तूबर को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (इंडेन बॉटलिंग प्लांट, रायपुर सहोड़ा) तथा आईओसीएल पेखूबेला में प्रबंधन अधिकारियों के साथ संवेदनशील प्रोफाइल बैठक के रूप में होगा। संवाद