टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल में नेपाल मूल के ढाबा कर्मचारी के साथ मारपीट के बाद पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में जिला पुलिस ऊना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढाबा मालिक समेत एक कर्मी को हिरासत में लिया है। आरएफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी हरोली मोहन रावत के अनुसार आरोपी ढाबा मालिक और कर्मचारी को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच दिन तक पुलिस रिमांड में लेने के आदेश दिए। वेतन को लेकर विवाद की वजह से यह घटना घटित हुई है। पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को अमित थापा निवासी नेपाल, हाल निवासी संतोषगढ़ ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका भाई केशव बहादुर पिछले करीब दो माह से टाहलीवाल स्थित एक ढाबे में काम करता था। 22 सितंबर को वह अजौली मोड़ के पास बेहोशी की हालत में मिला था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया था। शिकायतकर्ता ने ढाबा मालिक मुकेश कुमार पर मारपीट में शामिल होने का संदेह जताया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की जांच के दौरान ढाबा मालिक मुकेश कुमार की पीड़ित के साथ मारपीट में संलिप्तता सामने आई। इसी दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान केशव बहादुर की मौत हो गई। ढाबा मालिक मुकेश कुमार निवासी कुठार बीत और ढाबे के कर्मचारी संजीव कुमार निवासी कुठार बीत तहसील हरोली को नियमानुसार हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ और डीएसपी हरोली मोहन रावत ने घटनास्थल का दौरा कर जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।