विशेष सजावट और सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए किए गए विशेष प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। सावन के पहले सोमवार को लेकर क्षेत्र के शिव मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए चताड़ा महादेव मंदिर, ध्यूंसर महादेव, चौमुखा शिव मंदिर, शिव बाड़ी समेत अन्य प्रमुख मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और धार्मिक झांकियों से मंदिरों का वातावरण अलौकिक हो गया है। ध्यूंसर महादेव मंदिर समिति के सदस्य प्रवीण शर्मा ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मंदिर प्रांगण में सफाई, पेयजल, प्रसाद वितरण और लाइन व्यवस्था सहित सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली गई हैं। स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं और युवा समितियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। सावन के सोमवार को भोलेनाथ के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगती है। विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा मंदिरों के आसपास यातायात और सुरक्षा की उचित व्यवस्था की गई है। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी की गई है। इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।