भरवाईं (ऊना)। श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन मां चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिली। होशियारपुर के चौहाल क्षेत्र से माता रानी के भक्त पहली बार पैदल यात्रा कर श्री चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचे और मां के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे हर महीने मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेकने के लिए आते हैं। उनका जय मां चिंतपूर्णी सेवा संघ, जालंधर से भी जुड़ाव है। सेवा संघ की कमेटी द्वारा बसों के माध्यम से हर माह श्रद्धालुओं को मां चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शन के लिए लाया जाता है। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस बार श्रावण अष्टमी मेले के अवसर पर उन्होंने पहली बार चौहाल से चिंतपूर्णी तक पैदल यात्रा करने का संकल्प लिया। पैदल यात्रा पूरी कर मां के दरबार पहुंचने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।