डेरा बाबा वडभाग सिंह जी बेरी साहिब माथा टेकने जाते श्रद्धालु। संवाद
मैडी (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी होली मेले के तीसरे दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओंं ने शीश नवाया। रविवार को दिनभर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों में बाबा जी के जयकारे गूंजते रहे। प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी बेरी साहिब, गुरुद्वारा मंजी साहिब, मंदिर वीर नाहर सिंह जी और चरण गंगा में श्रद्धालुओं ने अरदासें करवाई और मन्नतें मांगी। मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से धार्मिक स्थलों में जगह भरने लगी है। इसके साथ ही होली के दिन पवित्र निशान साहिब चढ़ाए जाने की रस्म और पंजे के प्रसाद के लिए कई लोगों ने मेला क्षेत्र में तंबू किराए पर लेकर डेरा जमा लिया है। जिससे क्षेत्र धीरे धीरे मिनी पंजाब का रूप लेता जा रहा है। धार्मिक स्थलों की तरफ से चलाए जा रहे नियमित लंगरों में तो संगतों को प्रसादे की सेवा उपलब्ध है ही इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने तंबुओं में भी जगह-जगह लंगर लगाए हुए हैं। गुरुद्वारों के सामने कई श्रद्धालु लोगों के जोड़ों की सेवा (जूतो की सफाई) करते भी देखे जा सकते हैं। देश के अन्य हिस्सों से कई छोटे बड़े डेरों की संगत मेले में अपने अपने वाहनों में पहुंच रही हैं। जैसे जैसे होली का दिन नजदीक आता जाएगा, वैसे वैसे ही क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने का अनुमान है। मेले में आने वाले हल्के वाहनों को नैहरियां से और भारी वाहनों को ज्वार से मेला क्षेत्र में भेजा जा रहा है। एसडीपीओ अंब डॉ. वसुदा सूद ने बताया कि मेले में सुरक्षा एवं व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। मेला सुचारू रूप से चल रहा है।