राधा कृष्ण मंदिर में हो रही अमृत वर्षा, पंडाल में तिल धरने तक की जगह नहीं
वार्षिक महासम्मेलन में संत बाबा बाल से आशीर्वाद पाकर भक्त हो रहे निहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। श्रीराधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट कोटला कलां कला आश्रम में संत बाबा बाल के वार्षिक महासम्मेलन में वीरवार को रासलीला, गीता, प्रवचन संत सम्मेलन एवं भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें हिमाचली लोक गायक करनैल राणा, श्रीधाम वृंदावन से पंकज, कृष्ण ठाकुर ने रासलीला और श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के इंद्रेश उपाध्याय ने कथा प्रवचन करके भक्तजनों को निहाल किया। हिमाचली लोक गायक करनैल राणा ने ..पीले राधिके सहित अन्य कई धार्मिक भजन पेश करके पंडाल में बैठे दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। यह महासम्मेलन 12 फरवरी तक जारी रहेगा। यहां पर आए भक्तजन भक्तिमय माहौल में वृंदावन जैसा महसूस कर रहे हैं और यहां पर आध्यात्मिकता का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। पंडाल में तिल तक धरने के लिए जगह नहीं है। मंदिर परिसर के चारों ओर राधा कृष्ण के भक्तों का आने जाने वालों का हुजूम उमड़ा हुआ है। दूसरी ओर आश्रम में संत बाबा बाल से आशीर्वाद पाकर भक्त निहाल हो रहे हैं। विभिन्न प्रकार की रासलीलाओं के माध्यम से भी लोगों को इस वार्षिक महासम्मेलन महाउत्सव के माध्यम से संदेश दिया जा रहा है और श्री हरि संकीर्तन कथा एवं भजनों और प्रवचनों की अमृत वर्षा हो रही है।