मंदिर रोड पर गाड़ी ले जाने की जिद पर अड़े
भरवाईं, ऊना।
मंगलवार पर शाम पांच बजे के करीब मुख्य पुलिस बैरियर पर पंजाब पठानकोट से आए श्रदालुओं ने खूब हंगामा किया और बैरियर पर डयूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों से भी काफी देर तक बहसबाजी करते रहे। यही नहीं, ये श्रद्धालु हंगामा करने के साथ ट्रैफिक कर्मियों से भी उलझ पड़े।
इस सारे विवाद के चलते चिंतपूर्णी पुलिस थाना की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा, लेकिन ये श्रद्धालु परिवार थाना के पुलिस कर्मियों के साथ भी बहसबाजी पर उतारू हो गए। इसके बाद श्रदालुओं को थाना ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उक्त हंगामे के दौरान मुख्य पुलिस बैरियर पर काफी देर तक जाम भी लगा रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब पठानकोट से श्रद्धालुओं का परिवार जब गाड़ी में चिंतपूर्णी मन्दिर दर्शनों के लिए पहुंचा हुआ था, तो उनकी गाड़ी को मंदिर रोड पर न भेजकर पार्किंग में खड़ा करवाया गया। हालांकि उक्त श्रद्धालु काफी देर तक अपनी गाड़ी को मंदिर रोड पर ले जाने की जिद पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस ने इनकी एक न सुनी। मामला बिगड़ता देख चिंतपूर्णी थाना की टीम को मौके पर आना पड़ा।
उधर, ट्रैफिक इंचार्ज सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने के लिए उक्त श्रद्धालुओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। श्रद्धालुओं के साथ आए परिवार के सदस्यों ने पुलिस से गलती के लिए माफी भी मांगी है। ट्रैफिक इंचार्ज ने बताया कि जिन गाड़ियों की स्टे होटल में होती है। उन्ही गाड़ियों को पुलिस बैरियर के आगे भेजा जाता है। संवाद