दौलतपुर चौक (ऊना)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरवाड़ी में मंगलवार को शिक्षा गुणवत्ता नियंत्रण की उपनिदेशक नीलम कुमारी ने विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान स्कूल में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से किए जा रहे नवाचारों और प्रयोगों की सराहना की। उन्होंने कक्षा छठी से नौवीं तक के विद्यार्थियों की मूल्यांकन परीक्षा का भी निरीक्षण किया और परीक्षा प्रक्रिया की गुणवत्ता तथा पारदर्शिता की समीक्षा की। विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। नीलम कुमारी ने विद्यालय में छात्रों की सक्रिय भागीदारी और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रयोगात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देती हैं।