ऊना। उपायुक्त जतिन लाल ने पेरिस पैरालंपिक 2024 की ऊंचीकूद प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता रहे पैरा एथलीट निषाद कुमार को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने बुधवार को अपने कार्यालय में निषाद और उनके परिवार की मेजबानी की, उन्हें बधाई दी और कहा कि निषाद की इस उपलब्धि ने न केवल ऊना, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उपायुक्त ने यह उम्मीद भी जताई कि निषाद आगामी पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर देश का मान बढ़ाएंगे। 25 वर्षीय निषाद कुमार ऊना जिले की अंब तहसील के ग्राम पंचायत अंदौरा के बदाऊं गांव के रहने वाले हैं। उपायुक्त जतिन लाल ने मुलाकात के दौरान निषाद कुमार से पेरिस पैरालंपिक 2024 में पदक जीतने के लिए की गई तैयारियों पर चर्चा की और उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की। साथ ही उपायुक्त ने युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेने पर जोर दिया, ताकि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर जिले और देश का नाम रोशन कर सकें।