एकल नारी कृषि सहकारी सभा की त्रैमासिक बैठक में उपायुक्त ऊना जतिन लाल। स्रोत डीपीआरओ
ऊना। एकल नारी कृषि सहकारी सभा घालूवाल की त्रैमासिक बैठक सोमवार को बचत भवन ऊना में उपायुक्त ऊना जतिन लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर एकल नारी कृषि सहकारी सभा द्वारा उपायुक्त को सम्मानित भी किया गया। उपायुक्त ने एकल नारी सभा से जुड़ी महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। उपायुक्त ने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए कि एकल नारी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। यदि किसी योजना या कार्य में किसी प्रकार की समस्या आती है तो संबंधित विभाग उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाएं, ताकि मिलकर उसका त्वरित समाधान किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन जिला की नारी शक्ति को मुख्य धारा में जुड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए प्रशासन द्वारा महिलाओं को हरसंभव मदद दी जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त ने कुठियाड़ी गांव के एक दिव्यांग व्यक्ति को ई-ऑटो प्रदान करने की बात भी कही। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) नरेंद्र कुमार, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव संजय सांख्यान, एकल नारी कृषि सहकारी सभा की जिला अध्यक्षा कान्ता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।