विश्व मच्छर दिवस पर प्रवासियों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ऊना के सूचना शिक्षा एवं संप्रेषण प्रभाग ने लाल सिंगी में प्रवासियों के साथ एक दिवसीय जागरुकता शिविर आयोजित किया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा के निर्देश पर विश्व मच्छर दिवस के उपलक्ष्य में हुआ। जन शिक्षा अधिकारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि मच्छर छोटे होते हैं, लेकिन मलेरिया व डेंगू जैसी घातक बीमारियों के वाहक हैं। उनसे बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर-टंकियां नियमित साफ करें और पूरी बाजू के कपड़े पहनें। बीसीसी कोऑर्डिनेटर कंचन माला ने कहा कि मलेरिया रात में और डेंगू दिन में काटने वाले मच्छरों से फैलता है, इसलिए खड़े पानी की निकासी जरूरी है। इस शिविर में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व आशा वर्कर्स सहित 70 से अधिक प्रवासियों ने भाग लिया।