दौलतपुर चौक (ऊना)। प्रवक्ता स्कूल न्यू संघ के जिला प्रधान सुनीत सिंह राणा एवं महासचिव रविद्र गुलेरिया ने जारी बयान में कहा है कि शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं गैर शिक्षक वर्ग ने अपनी चुनावी ड्यूटी का निर्वहण पूरी कर्मठता के साथ किया है। अगर कहीं इवीएम इत्यादि को लेकर कोई गलती अध्यापकों से हुई है, तो उसके लिए प्रशासन को कड़ाई से पेश नहीं आना चाहिए। ऐसे में किसी कर्मचारी को सस्पेंड करना अच्छी बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुत सारे अनुभवी एवं उच्च प्रभाव वाले कर्मचारियों ने सिफारिश करके अपनी चुनावी ड्यूटी कटवा ली थी, जिस वजह से बहुत सारी ड्यूटी पार्टियों में अनुभवहीन कर्मचारी भेजे गए, जिनके सहारे इलेक्शन करवाना बड़ा मुश्किल था और गलती होना भी स्वाभाविक था। संघ ने जिलाधीश ऊना से गुजारिश की है कि मतदान प्रक्रिया में सस्पेंड किए गए कर्मचारियों को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।