संतोषगढ़ (ऊना)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य स्तरीय जन आक्रोश जत्थे ने ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र के सनोली मजारा गांव में रविवार देर रात को केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में भाग लेने का आह्वान लोगों से किया। जन आक्रोश जत्थे और स्थानीय लोगों ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोश रैली एवं जनसभा की अध्यक्षता माकपा के पदाधिकारी एवं सीटू के जिला अध्यक्ष गुरनाम सिंह ने की। इस दौरान मनरेगा बहाली की मांग उठाई गई। माकपा नेता एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि केंद्र सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं को निजी कंपनियों के हाथों सौंपने का काम कर रही है। आरोप लगाया कि इसी कड़ी में बिजली क्षेत्र के निजीकरण की तैयारी की जा रही है और स्मार्ट बिजली मीटर उसी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल को रामलीला मैदान दिल्ली में जन आक्रोश रैली होगी।