बड़ूही (ऊना)। पूर्व केंद्रीय अर्धसैनिक कल्याण संगठन अंब, गगरेट और घनारी तहसील की बैठक गगरेट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त उप समादेष्टा सुरेंद्र कुमार शर्मा ने की। बैठक में 36 सदस्यों ने भाग लिया और अर्धसैनिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पूर्व अर्धसैनिकों ने प्रदेश सरकार द्वारा अर्धसैनिक जिला कल्याण बोर्ड का विधिवत गठन किए जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। संगठन ने सरकार से मांग की कि पूर्व केंद्रीय अर्धसैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त डीआईजी वीके शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और महासचिव को भी जिला कल्याण बोर्ड में सदस्य बनाया जाए। सेवानिवृत्त सहायक समादेष्टा सरवन सिंह ने शिमला में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में उठाए गए मुद्दों की जानकारी सदस्यों को दी। बैठक में केंद्र सरकार से ऊना में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर स्थापित करने की मांग भी उठाई गई। बैठक में 1 अप्रैल 2004 के बाद सेवा में आए कर्मचारियों को भी सीसीएस नियम 1972 के अनुसार पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का निर्णय लिया गया।