गगरेट (ऊना)। कला स्नातक संघ जिला ऊना के प्रधान रविंदर गुलेरिया ने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव की आचार संहिता खत्म हो चुकी है। शिक्षा विभाग के आदेशों के अनुसार 27 जनवरी से सभी अध्यापक स्कूलों में उपस्थित रहेंगे और एक फरवरी से पांचवीं आठवीं 9वीं 10वीं 11वीं 12वीं की नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए जिन स्कूलों में प्रवक्ता स्कूल न्यू के पद खाली हैं, उनको यथा शीघ्र फरवरी महीने के पहले सप्ताह में ही भर दिया जाए। शिक्षा विभाग लंबे समय से इन पदोन्नतियों को लटकाता आ रहा है। इस मौके पर गगरेट ब्लाक के प्रधान रवि दत्त, ब्लॉक गगरेट टू के प्रधान गुरबख्श सिंह कलसी, जिला कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, ब्लॉक अंब के प्रधान सुनीत सिंह राणा, गुरदीप सिंह जिला ऊना के उपप्रधान इंदु शेखर आदि उपस्थित रहे।