उपायुक्त बोले- सामुदायिक भागीदारी और जनजागरुकता ही सफलता की कुंजी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना जिला अस्पताल में जिला क्षय रोग उन्मूलन समिति की बैठक उपायुक्त जतिन लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग व सामाजिक संगठनों के समन्वय से ही लक्ष्य समयबद्ध रूप से हासिल होगा। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने तीन नई एक्स-रे मशीन, पोर्टेबल कैनोपी, लैपटॉप, बजट, दो वाहन व रिक्त पद भरने की मांग रखी। उपायुक्त ने इन प्रस्तावों को एनएचएम मिशन निदेशक शिमला को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अब तक 53000 लोगों के एक्स-रे किए गए हैं और जुलाई तक 525 मरीज चिह्नित कर मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शीघ्र पहचान, समयबद्ध उपचार और पोषण सहायता सुनिश्चित की जा रही है।