दौलतपुर चौक (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ऊना इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को जिला अध्यक्ष शशि सैनी एवं महासचिव संजीव कुमार के नेतृत्व में विधायक विवेक शर्मा से मुलाकात की। प्रदेश में सीबीएसई पैटर्न अपनाने के प्रस्ताव को लेकर विस्तृत चर्चा की। इसके साथ प्रतिनिधिमंडल ने विधायक विवेक शर्मा के समक्ष सीबीएसई अपनाने के संभावित लाभ एवं चुनौतियों (प्रो एंड कॉन्स) पर तथ्यात्मक रूप से अपनी बात रखी। विशेष रूप से स्थानांतरण नीति, वरिष्ठता सूची तथा पदोन्नति से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर एचपीएसएलए का पक्ष रखा। संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सीबीएसई प्रणाली लागू की जाती है तो कार्यरत प्रवक्ताओं की सेवा सुरक्षा, वरिष्ठता और स्थानांतरण अधिकारों की पूर्ण रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उधर विधायक विवेक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि शिक्षकों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।