हत्या या आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा खुलासा
पंजाब पुलिस में कई मामले है दर्ज, पेरोल पर आया था बाहर
पंजाब के कपूरथला का रहने वाला है व्यक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा मुख्यालय के तहत इंदू बाला पेट्रोल पंप बंगाणा के नज़दीक सोमवार को पेड़ से लटका शव मिला। हत्या या आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसका खुलासा होगा। क्षेत्र में पंजाब के व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पता चला है यह शव हरमिंदर सिंह (43) पुत्र बिक्र सिंह निवासी गांव रेहाणा जट्टा जिला कपूरथला पंजाब का है। इस मौके पर उपमंडलाधिकारी सोनू गोयल और पुलिस थाना प्रभारी रोहित चौधरी सहित टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, शव को ऊना अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया है। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि युवक के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड और कुछ नकदी जेब से निकली है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पंजाब पुलिस से इस व्यक्ति का रिकॉर्ड तलब किया जाएगा। पता चला है कि इस व्यक्ति के खिलाफ पहले कुछ मामले चल रहे हैं और पेरोल पर बाहर आया था, सच्चाई क्या है, इसकी बंगाणा पुलिस भी जांच कर रही है कि उक्त व्यक्ति यहां कैसे पहुंचा था। इसकी हत्या हुई है या खुद आत्महत्या की है। यह शव पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा।