परिजनों ने हरोली के युवक पर जडे आरोप, एसपी को सौंपा ज्ञापन
ऊना। पंजाब के गढ़शंकर थाना क्षेत्र में जिला ऊना के हरोली तहसील के धर्मपुर निवासी युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने एक अन्य युवक पर गंभीर आरोप जड़े हैं। कुछ रोज पूर्व अपने लाडले के गुम होने के संबंध में परिजनों ने पुलिस थाना हरोली में शिकायत भी सौंपी है।
मृतक नरेंद्र कुमार पुत्र सुरेंद्र पाल गांव धर्मपुर तहसील हरोली का रहने वाला है। शुक्रवार को परिजनों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह से मिलने पहुंचा। परिजनों ने युवक की हत्या के आरोप लगाते हुए क्षेत्र के युवक को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने पुलिस से जांच की गुहार लगाई है। शुक्रवार को ऊना मुख्यालय पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि उनका बेटा नरेंद्र कुमार कुछ दिन से घर से लापता था। वीरवार सुबह तक नरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिलने पर हरोली पुलिस को शिकायत दी। उधर, इसी रोज वीरवार देर शाम पंजाब पुलिस ने क्षेत्र के ही सीहवां गांव मंदिर के पास नरेंद्र कुमार का शव बरामद किया।
परिजनों को सूचना मिली। इस पर परिजनों में दीपक कुमार सहित अन्य का आरोप है कि नरेंद्र कुमार क्षेत्र के ही एक अन्य गांव के युवक संग गया था, लेकिन नरेंद्र को साथ लेकर जाने वाला युवक खुद तो वहां से वापस लौट आया, जबकि नरेंद्र का शव बरामद हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार रहेगा। पुलिस इस मामले में यकीनन उचित कार्रवाई अमल में लाएगी। संवाद