तीन माह पूर्व पत्नी से हुए तलाक के बाद से चल रहा था परेशान
संतोषगढ़ के वार्ड सात का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़/टाहलीवाल। पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत पड़ते गांव नंगल बट्ट स्थित एक पोल्ट्री फार्म के 28 वर्षीय संचालक युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक युवक अजय कुमार पुत्र संतोख राम निवासी वार्ड सात संतोषगढ़ जिला ऊना का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि युवक ने बड़ा कदम नशे की हालत में उठाया है। बीते काफी दिनों से वह पत्नी से तलाक को लेकर दिमागी तौर पर परेशान भी चल रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही उसकी पत्नी ने दूसरी शादी भी कर ली थी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
संतोषगढ़ के वार्ड सात का अजय कुमार निवासी संतोषगढ़ रोजाना की तरह शनिवार रात्रि अपने पोल्ट्री फार्म नंगल बट्ट में चला गया। रविवार सुबह पोल्ट्री फार्म पर अजय कुमार का जीजा एक महिला सहित पहुंचा, तो पाया कि अजय फंदे पर झूल रहा है। सूचना मिलने के बाद टाहलीवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। परिजनों के अनुसार अजय कुमार के विवाह को कई साल हो गए थे, लेकिन तीन माह पूर्व उसका तलाक हो गया। इसी परेशानी को लेकर अजय शराब आदि का सेवन भी करने लगा। शनिवार रात को अजय ने पोल्ट्री फार्म में जाकर देर रात अपने रिश्तेदारी में फोन कर आत्महत्या करने की बात कही, लेकिन जब तक मौके पर अजय के जीजा पहुंचे, तब तक अजय फंदे से झूल रहा था। इसके बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, तो वहां पर चिकित्सक ने उसे मृत करार दिया। परिवार में अजय कुमार दो बहनों का इकलौता भाई था।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर आत्महत्या का मामला मानकर पुलिस चल रही है, जबकि केस दर्ज कर आगामी जांच जारी है। संवाद