कहा-अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाए अस्पताल
मरीजों को उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपायुक्त जतिन लाल ने जिला आयुर्वेद अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने मरीजों के लिए उपलब्ध सेवाओं और सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं की गुणवत्ता और मरीजों के अनुभव को लेकर जानकारी हासिल की और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिए कि आयुर्वेद पद्धति को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस किया जाए। उन्होंने पंचकर्मा, ओपीडी, लैब सहित अन्य जगहों का दौरा करके फीडबैक ली और अश्वगंधा पद्धति पर भी चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की बात पर जोर दिया। इससे पहले उपायुक्त ने आयुष विभाग के सहयोग से एमसी पार्क ऊना में हर्बल पौधे रोपे। इस पहल के अंतर्गत नीम, मोरिंगा और अश्वगंधा के पौधों का रोपण किया गया। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान मौसम हर्बल पौधों के विकास के लिए विशेष रूप से अनुकूल है, जिससे ये पौधे लंबे समय तक स्वस्थ और जीवित रह सकते हैं। जतिन लाल ने सभी से अपील की कि वे इस बरसात के मौसम में अधिक से अधिक पौधरोपण करें और इनकी उचित देखभाल सुनिश्चित करें। इस अवसर पर सहायक आयुक्त वरिंदर शर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद ऊना ललित कुमार आदि उपस्थित रहे।