संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। डीएवी पब्लिक स्कूल दौलतपुर चौक के छात्र-छात्राओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एंटी-चिट्टा वॉकथॉन रैली आयोजित की। प्रधानाचार्य बबीता भारद्वाज के मार्गदर्शन में आयोजित यह रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार और रेस्ट हाउस होते हुए पुनः स्कूल लौटकर समाप्त हुई। छात्र-छात्राओं ने नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो और चिट्टा नहीं, शिक्षा चाहिए जैसे नारों के साथ जागरूकता फैलाई। रैली के समापन पर स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धर्मवीर कमर ने युवाओं को नशे से बचाने को समाज की जिम्मेदारी बताया। प्रधानाचार्य बबीता भारद्वाज ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थी, शिक्षक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।