दौलतपुर चौक (ऊना)। स्थानीय बाजार में यातायात पुलिस की चालान कार्रवाई को लेकर व्यापार मंडल में रोष है। दुकानदारों का कहना है कि दौलतपुर बस स्टैंड से अस्पताल तक सार्वजनिक शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लघुशंका के लिए उन्हें बस स्टैंड की ओर जाना पड़ता है लेकिन वहां यातायात पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि दिनभर दुकानों पर मौजूद रहने के दौरान प्राकृतिक जरूरत के लिए बाजार से बाहर जाना उनकी मजबूरी है। सार्वजनिक सुविधा के अभाव में उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है और ऊपर से चालान की कार्रवाई परेशानी को और बढ़ा रही है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ यातायात पुलिस से कार्रवाई के तरीके पर भी पुनर्विचार करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार के भीतर दुकानदारों पर चालान की कार्रवाई के बजाय नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ बाजार से बाहर कार्रवाई की जाए ताकि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी न हो। व्यापार मंडल के प्रधान राजीव राजू ने कहा कि हम यातायात नियमों के पालन के खिलाफ नहीं हैं लेकिन दुकानदारों की मजबूरी को भी समझना होगा।