वार्षिक समारोह में बच्चों की पेशकश ने बटोरीं खूब तालियां
समारोह में विधायक की पत्नी ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धमांदरी और लोअर बसाल में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की धूम रही। इसमें कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा की पत्नी मृदु शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हर कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले बच्चों को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य नवीन गुप्ता ने वार्षिक रिपोर्ट पेश की तथा स्कूल की कबड्डी की टीम के लिए मैट बिछाने, एक शेड बनाने की मांग की। मुख्यातिथि ने विधायक तक यह मांगे पहुंचाने और पूरा करने का आश्वासन दिया। 5100 रुपये सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाले बच्चों और 2100 रुपये छोटे बच्चों को प्रोत्साहन के रूप में प्रदान किए। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में नाटी, गिद्दा और भंगड़ा की पेशकश ने सबका मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं। वहीं, राजकीय उच्च पाठशाला लोअर बसाल में भी इनाम वितरण समारोह मनाया गया। उन्होंने हर कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। पढ़ाई के अतिरिक्त खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान के क्षेत्र व अन्य प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी मंच पर सम्मानित किया। इस अवसर पर विजय डोगरा, राम आसरा, पूर्व प्रधान प्रधानाचार्य उषा भारद्वाज तथा उप शिक्षा निदेशक सेकेंडरी राजेंद्र कौशल, जोल खंड के प्रधान महेश कुमार भी उपस्थित रहे।