संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद संतोषगढ़ क्षेत्र की सुख समृद्धि और माल पशु की भलाई के लिए बाबा सिद्ध चानो को समर्पित दहाजा कार्यक्रम आगामी सात दिसंबर को होगा। वार्ड पांच रैहन बसेरा में होने वाले आयोजन में बाबा बोरिया की झांकी के लिए विशेष कलाकार आमंत्रित किए गए हैं। दहाजे का मुख्य आकर्षण बाबा सिद्ध चानो की हाथी पर सवार झांकी रहेगी। बाबा सिद्ध चानो मंदिर कमेटी संतोषगढ़ के मुख्य सेवादार नानक चंद पहेश ने बताया कि प्रति वर्ष होने वाले धार्मिक आयोजन में इस बार प्रभु एंड पार्टी रायपुर मैदान वाले बाबा सिद्ध चानो की कई मनमोहक झांकियों को प्रस्तुत करेंगे। आयोजन में मुख्यातिथि के रूप में पंजाब नवांशहर गद्दीनशीन साईं लखवीर शाह कादरी कटारिया, डेरा खाकी शाह पोलियां बीत से साई अमरीक शाह और महंत रीना ऊना से संगत को आशीर्वाद देंगे। दहाजा आयोजन में बाबा सिद्ध चानो की हाथी वाली झांकी को प्रदर्शित किया जाएगा। सवारी संतोषगढ़ वार्ड पांच स्थित रैहन बसेरा दहाजा स्थल से होकर बाबा सिद्ध चानो मंदिर पर माथा टेक स्वां नदी तक विधिवत पूजा अर्चना के साथ समाप्त होगी। आयोजन में संगत के लिए लंगर का प्रसाद भी अटूट वितरित किया जाएगा।