भड़ोलियां कलां में मनाया शहीदी दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव भड़ोलियां कलां के वीर सपूत बलिदानी सोमनाथ को शनिवार के दिन उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 12 जुलाई 1967 को मणिपुर में देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए शहीद सोम नाथ को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से सम्मानपूर्वक याद किया गया। सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। शहीद के परिजनों सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। परिवार की ओर से प्रवीण कुमार, प्रेम लता, सुंदर दत्त, शारदा देवी, रमेश कुमार, ओमप्रकाश, अनिल कुमार, अनुराग शर्मा, दर्शना देवी, रक्षा देवी और नीतू सहित अन्य लोगों ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने भी शहीद को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया और भावी पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा लेने का संदेश दिया।