दिवाली से पहले सड़को पर जाम ......ऊना धर्मशाला मार्ग पर लगे जाम में फसे वाहन ।संवाद
- फोटो : udhampur news
त्योहारी सीजन में ऊना शहर जाम, रेंग-रेंग कर चले वाहन
यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस की बढ़ी चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। त्योहारी सीजन के चलते ऊना शहर पूरी तरह से जाम हो गया। चंडीगढ़ धर्मशाला नेशनल हाईवे पर ऊना शहर में रेड लाइट चौक से लेकर शहीद भगत सिंह चौक तक तीन-तीन किलोमीटर में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर से निकलना वाहन-चालकों के लिए मुश्किल हो रहा है। भारी जाम के चलते वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे है। ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मचारी तैनात है, लेकिन वाहनों की भारी संख्या के चलते ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। दिवाली पर्व को लेकर बाहरी राज्यों में नौकरी कर रहे लोग अपने घर वापस आ रहे हैं। पिछले दो-दिन से लेकर शनिवार को भी लोगों का वापस आने का क्रम जारी रहा। ऐसे में ऊना में भारी जाम लग रहा है। इसके अलावा ऊना शहर में दिवाली त्योहार को लेकर शॉपिंग करने के लिए भी ग्रामीण क्षेत्र के लोग पहुंच रहे हैं। ऊना बाजार में भी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रही। त्योहार होने के चलते बाजार में कार और बाइकों की लगातार आवाजाही रही। जिससे लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा। इसके अलावा ऊना-धर्मशाला हाईवे, ऊना-हमीरपुर सड़क मार्ग, ऊना-संतोषगढ़ रोड पर पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रही। ऊना शहर से निकलने में ही वाहन चालकों को घंटों लग रहे थे। एसपी अमित यादव ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस कर्मी मुस्तैदी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं। कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जा रहा है।