कांगड़ में भीड़ में महिलाएं पानी के लिए पुकारती रहीं, गत्तों से हवा लेकर पाई राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बच्चे चिखते-चिल्लाते रहे और मंच से नेतागणों के भाषण जारी रहे।
गर्मी के आगे इंतजाम नाकाफी नजर आए।
ऊना जिला के कांगड़ में आयोजित इंदिरा गांधी प्यारी बाहना सम्मान निधि योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में भारी मात्रा में मातृशक्ति पहुंची। महिलाओं को सम्मान निधि के तीन महीने के 4500-4500 रुपये वितरित करने के लिए कार्यक्रम हुआ। महिलाएं सुबह से ही 11:00 बजे समारोह स्थल पर पहुंच गईं।
कार्यक्रम में महिलाएं तकरीबन पांच घंटे तक बैठी रहीं। भले ही वहां पर पंखे सहित अन्य व्यवस्था की गई थी, लेकिन महिलाओं की भीड़ के आगे आयोजकों के तमाम इंतजाम नाकाफी नजर आए। बच्चे बिलखते रहे और महिलाएं भी पानी के लिए तड़पती रहीं। यहां तक की पानी के लिए जो पैकिंग की गई थी, उन गत्तों को फाड़कर महिलाएं गर्मी से राहत पाने के लिए हवा देती नजर आईं। तो कहीं-कहीं पर महिलाएं जनसभा के सम्मेलन से ही मंच का संचालन कर रहे जिला कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष राणा रंजीत को भी बारी-बारी पानी मुहैया करवाने के लिए आवाज लगाती नजर आई, लेकिन उमड़ी भीड़ के आगे तमाम तरह की व्यवस्थाएं नाकाफी दिखीं। इससे कार्यक्रम में शामिल होने आई महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री तकरीबन 3:52 पर सम्मेलन में पहुंचे और 4:12 पर अपना संबोधन समाप्त किया और यहां पहुंचने पर मंच पर आते ही उन्होंने नारी शक्ति का दोनों हाथ हिलाकर अभिनंदन स्वीकार किया और यहां पर आयोजकों की ओर से मुख्यमंत्री और विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित किया गया और युवा शक्ति की ओर से फूलों का हार पहनकर उप मुख्यमंत्री विधायक सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को पुरस्कृत किया गया। हरोली विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री का सीएम बनने के बाद यह पहला दौरा था।
बॉक्स
सीएम ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल हम सबके बुजुर्ग मंत्री हैं और महिलाओं को मिलने वाला सम्मान निधि का पैसा भी इनके जरिए ही महिलाओं को हर महीने नियमित तौर पर मिलता रहेगा। इस तरह का इशारा उनकी ओर देखते हुए सीएम ने किया और तालियाें से जनसभा गंजुमय हो उठी। मंत्री धनीराम सैंडल ने देरी से पहुंचने के लिए मातृशक्ति से क्षमा याचना की और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां का भी गुणगान किया और कहा कि लोगों को प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाए ताकि हर पात्र लाभार्थी सरकार की योजना का लाभ उठा सके।
बॉक्स
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र अब एक नए चंडीगढ़ के रूप में नजर आएगा। दिवंगत सिम्मी अग्निहोत्री ने पिछला अपना अंतिम करवा चौथ का पर्व भी हरोली की जनता के साथ मनाया है और उनकी महिलाओं के प्रति किए गए जनहित के कार्यों को सदा याद रखा जाएगा।