पिछले दिनों जिला में हुई सिलसिलेवार हाई प्रोफाइल चोरियों के मामले में जिला पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो संदिग्ध शातिरों को धर दबोचा है। पुलिस ने इनसे बाइक, लैपटॉप और जेवर सहित मोबाइल आदि सामान को जब्त कर लिया है।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि जिला में हुई चोरियों के दृष्टिगत जिला पुलिस ने संदिग्ध लोगों की धरपकड़ को तेज कर दिया है। उन्होंने बताया कि चोरियों में शामिल मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी सुभाष और रामपुर यूपी के निवासी छोटे लाल को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इन पकड़े गए संदिग्ध लोगों से पुलिस ने चोरी हुए मोटरसाइकिल, लैपटॉप, जेवरात, मोबाइल आदि को बरामद कर लिया है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर पहले से ही चोरियों को लेकर सजा काट चुके उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी सुभाष के टक्का रोड स्थित उसके निवास पर छापामारी की तो उसके यहां चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद हुई। जबकि, छोटे लाल उर्फ जसपाल गांव आगापुर जिला रामपुर यूपी ने भी चोरियों को लेकर शामिल अन्य लोगों बारे कई अहम खुलासे किए हैं। जिनके आधार पर अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने टीमें उत्तर प्रदेश और बिहार में भेजी हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस चोरियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ेगी और चोरियों की घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्य लोग भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।