पुलिस थाना अंब के तहत कुठेड़ा खैरला में वाहन की टक्कर में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
युवक की पहचान अभिषेक पुत्र अशोक निवासी नैहरियां के रूप में हुई है। हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसे अंब अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ऊना अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार अभिषेक निवासी नैहरियां अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था कि तभी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
हादसा इतना भयंकर था कि अभिषेक के सिर के चीथड़े हो गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौका से फरार हो गया। इस दौरान उसका दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अंब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत में ऊना अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एक बस के साथ बाइक की जबरदस्त टक्कर हुई और घटना के बाद बस चालक मौका से फरार हो गया।
उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले को लेकर घायल युवक के भी ब्यान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।