हरोली में झाड़ियों से व्यक्ति का अधजला शव मिलने से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान तरसेम लाल (65) निवासी हरोली के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां से बाद में उसे टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस मामले को सुलझाने के लिए फोरेंसिक लैब की भी मदद ले रही है।
डीएसपी हरोली ने मौका ए वारदात का जायजा लिया है। जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात हरोली में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के स्टोर से होकर जाते लिंक मार्ग से आगे कुछ दूरी पर खड्ड में झाड़ियों को आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए ऊना से दमकल विभाग, हरोली पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की। आग बुझाने के बाद कर्मियों एवं स्थानीय लोगों की अचानक निगाह झाड़ियों में जल रहे एक शव पर पड़ी। यह लाश किसी व्यक्ति की जल रही थी, अंधेरा होने के कारण मौके पर पहचान पाना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस ने रातभर मौके पर ही पहरा दिया। लोगों ने शव को देखा, तो शव की पहचान तरसेम के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि तरसेम लाल पंजाब पुलिस से बतौर हेड कांस्टेबल रिटायर्ड था और शराब पीने का आदी था। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम टांडा में करवाया जा रहा है। फोरेंसिक लैब से पहुंची टीम ने भी मौके से साक्ष्य जटाए हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी ने बताया कि मामला हत्या का है, या आत्महत्या का, इसकी जांच जारी है।