अंब (ऊना)। एक ही पंचायत के दो वार्डों के अलग-अलग मस्टररोल में एक ही मिस्त्री-मजदूर की उपस्थिति दर्शाने और दोहरा भुगतान करने के आरोप में पंचायत प्रधान को बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अलावा पंचायत सचिव के विरुद्ध जांच के आदेश दिए गए हैं।
विकास खंड अंब की पंचायत में वर्ष 2016 में योजनाओं के तहत किए विकास कार्यों में अनियमितताओं की जांच की गई। इसके बाद पंचायती राज विभाग ने पंचायत प्रधान को बर्खास्त कर दिया है। जांच में पाया था कि पंचायत के दो वार्डों में एक ही दिन करवाए कार्यों में मिस्त्री-मजदूर की दिहाड़ी एक ही वक्त में दो जगह दर्शाकर दोहरा भुगतान किया गया है।
जिला पंचायत अधिकारी रमन शर्मा ने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच के बाद पाया गया कि कई जगह पर दिहाड़ी का दोगुना भुगतान किया गया है। इस पर पंचायत प्रधान को बर्खास्त कर दिया गया है। उपायुक्त ने मामले की नियमित जांच के निर्देश जारी किए हैं। मामले में पंचायत सचिव के विरुद्ध कंट्रोलिंग ऑफिसर (जिला परिषद) को जांच किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पूर्व बीडीसी सदस्य कुलदीप डोगरा ने अंब में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में पंचायत में दोहरे भुगतान और अधिक बिलिंग के फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था। इसके बाद विभाग ने हरकत में आते हुए यह कार्रवाई की है।