ऊना। चिंतपूर्णी मंदिर में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी के साथ पुजारी की हाथापाई और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। सुरक्षा कर्मी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पुजारी को अपने साथ चोर रास्ते से ले जा रहे श्रद्धालुओं को लाइनों में लगने को कहा। इस बात पर पुजारी भड़क गया और सुरक्षाकर्मी के साथ हाथापाई पर उतारू हो गया। किसी ने धक्का-मुक्की का वीडियो बना लिया और लोगों के मोबाइल पर एक मिनट का वीडियो वायरल हो गया।
जब पुजारी सुरक्षा कर्मी को धक्के मार रहा था तो लाइन में लगे श्रद्धालु भी यह नजारा देख रहे थे। इस दौरान अन्य सुरक्षा कर्मी बीचबचाव में आए। पुजारी के साथ धक्का-मुक्की करने का वीडियो मोबाइल में घूम गया लेकिन मंदिर प्रशासन लिखित शिकायत का इंतजार करता रहा।
जिस सुरक्षाकर्मी के साथ पुजारी ने अभद्र व्यवहार किया, उस पर लिखित शिकायत न देकर मामले को दबाने का दबाव भी बनाया गया। इंचार्ज बालक राम इस पूरे मामले को लेकर अनजान बनते नजर आए।
मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने कहा कि ऐसा एक वीडियो उनके पास आया है लेकिन अभी तक इस बारे में लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।