ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत बहडाला गांव में पुलिस ने एक घर से 40 पेटियां देसी शराब बरामद की हैं। पुलिस ने अवैध शराब रखने के आरोप में रोहित निवासी बहडाला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ऊना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बहडाला में काफी मात्रा में शराब की खेप पड़ी है। मंगलवार को एएसआई गुरदीप सिंह और हेड कांस्टेबल पुनीत कुमार ने छापामारी के दौरान 40 पेटियां शराब की बरामद कीं। पुलिस ने शराब को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी ऊना मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। भारी मात्रा में शराब कहां से आई, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई से नशा माफिया में हड़कंप मच गया है। इससे पहले भी पुलिस ने कई जगहों पर गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करों पर शिकंजा कसा है। एसपी संजीव गांधी के कार्यभार संभालने के बाद भारी मात्रा में अवैध रूप से शराब पकड़ी गई है।