अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। पुलिस थाना नंगल के तहत रेलवे कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति की अज्ञात शातिरों ने एटीएम बदलकर सवा लाख रुपये की रकम निकाल ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सरवन सिंह निवासी रेलवे कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एटीएम से पैसे निकलवाने गया था। पैसे न निकलने पर वहां उपस्थित दो युवकों ने उसे एटीएम से पैसे चेक करने की बात कही। इसी बीच शातिरों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और इस बात का पता तब चला जब शातिरों ने उसके बैंक खाते से अलग-अलग एटीएम से एक लाख 20 हजार रुपये निकलवा लिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। उधर, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नंगल पवन चौधरी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।