ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत पुलिस की एसआईयू टीम ने पीरनिगाह में नाकेबंदी कर एक जीप से शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने गाड़ी से सौ पेटी देसी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार देर रात करीब दो बजे पीरनिगाह में नाकेबंदी की हुई थी। पुलिस ने हमीरपुर से ऊना की ओर आ रही पिकअप को चेकिंग के लिए रोका। गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस टीम को गाड़ी में रखी सौ पेटी देसी शराब बरामद हुई। इस पर कार चालक कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान रवि कुमार उर्फ जोनू निवासी बरोटा, घुमारवीं जिला बिलासपुर और नसीब कुमार निवासी भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब सहित गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस की एसआईयू टीम में प्रभारी अंकुश डोगरा, बृज भूषण, सुदेश, अमित, अनिल दत्ता एवं अरविंद शामिल रहे। उधर, एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।