अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जिला के कुरियाला व बाथू में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर हालत में ऊना अस्पताल में उपचाराधीन है। मृतक की पहचान राजिंद्र सिंह पुत्र सरवण सिंह निवासी कुरियाला के रूप में हुई है। दूसरे घायल की पहचान रायपुर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने मामलों के संदर्भ में जंाच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पहला हादसा कुरियाला में पेश आया, जहां राजिंद्र सिंह वीरवार रात को घर में पंखे की ठीक कर रहा था। इसी दौरान राजिंद्र को करंट लग गया। चिल्लाने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और राजिंद्र को अचेत अवस्था में ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। ऊना अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरा मामला हरोली के बाथू में पेश आया जहां विद्युत कर्मी प्रदीप तारों की मरम्मत कार्य के लिए खंभे पर चढ़ा हुआ था। इसी बीच वह करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह से झुलस गया। घायल को तुरंत 108 रोगी वाहन हरोली कर्मियों ईएमटी नरेश बाली व पायलट प्रदीप की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि घायल कर्मी को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर है। उधर, एएसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है।