भरवाईं (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत थनीकपुरा में धर्मशाला की ओर जा रही गाड़ी को विपरीत दिशा से ओवरटेक कर रही जेसीबी ने टक्कर मार दी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार व्यक्ति घायल हो गया जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। घायल कार सवार को लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के दौरान सड़क पर क़रीब आधे घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। बाद में पुलिस ने जाम को खुलवाया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली का एक परिवार हिमाचल भ्रमण पर आया था। थनिकपुरा में जेसीबी ने गाड़ी को कच्चे रास्ते पर उतारने के बावजूद रौंद डाला। हादसे के दौरान सड़क पर 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। उधर, थाना प्रभारी अमरीक सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।