शरारती तत्वों ने शिलान्यास पट्टिका तोड़ी, कांग्रेस में रोष
घनारी में लगी थी राकेश कालिया के नाम की पट्टिका
अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक/गगरेट(ऊना)। असामाजिक तत्वों की ओर से पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान तहसील भवन के लिए घनारी में किए शिलान्यास की दीवार तोड़ने के अलावा शिलान्यास पट्टिका जमीन पर गिरा दी गई है। इसकी कांग्रेसी नेताओं ने निंदा की है। घनारी ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश और युवा कांग्रेसी नेता बब्बू पराशर ने एक संयुक्त बयान में बताया कि तहसील घनारी के प्रस्तावित भवन का शिलान्यास 25 सितंबर 2017 को तत्कालीन विधायक राकेश कालिया ने किया था, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने इसकी दीवार को तोड़ दिया और शिलान्यास पट्टिका को जमीन पर गिरा दिया जो कि घटिया मानसिकता और संकीर्ण सोच का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस शिलान्यास पट्टिका को उन्होंने ग्राम पंचायत कार्यालय घनारी में प्रधान सीमा देवी के सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से मांग की है कि आपसी भाईचारे और सौहार्द बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों पर लगाम लगाई जाए, साथ ही तहसील भवन की शिलान्यास पट्टिका को दोबारा उसी जगह पर संबंधित विभाग लगाए। अन्यथा कांग्रेसी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय कांग्रेस आईटी सेल के सदस्य अनिल डढवाल ने इस हरकत पर आपत्ति जताते हुए कहा कि राजनीति से कुंठित लोग द्वेष भावना से इस तरह के कार्य कर समाज को तोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार के गुंडा तत्वों को जल्द से जल्द सबक सिखाया जाए। उधर घनारी के कांग्रेस नेता ओम प्रकाश पराशर, ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र राणा, अजय पाल, धर्मपाल सोनू, राजिंदर जसवाल, सुरिंदर ठाकुर आदि ने इस घटना की निंदा की है।