अमर उजाला ब्यूरो
बंगाणा(ऊना)। बंगाणा पुलिस की टीम ने थानाकलां में नाकेबंदी कर एक पिकअप गाड़ी से शराब की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गाड़ी से 100 पेटी देसी शराब के साथ दो व्यक्तियों को भी दबोचा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बंगाणा पुलिस की टीम ने थाना प्रभारी कमल नैन की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर देर रात थानाकलां में नाकेबंदी की हुई थी। पुलिस ने हमीरपुर से ऊना की ओर आ रही एक पिकअप को चेकिंग के लिए रोका। गाड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस टीम को गाड़ी में रखी 100 पेटी देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी में सवार दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान रवि कुमार निवासी बरोटा, घुमारवीं जिला बिलासपुर व नसीब कुमार निवासी भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब सहित गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप आरोपी कहां से लाए थे और किसे इसकी सप्लाई की जानी थी। बताया जा रहा है कि 28-29 जुलाई की रात भी ऊना पुलिस की एसआईयू टीम ने पीरनिगाह के समीप नाकेबंदी करके इसी गाड़ी से अवैध 100 पेटी देसी शराब पकड़ी थी। उस दिन भी रवि कुमार निवासी बरोटा, घुमारवीं जिला बिलासपुर व नसीब कुमार निवासी भोरंज जिला हमीरपुर अवैध रूप से शराब की सप्लाई कर रहे थे। इन्ही लोगों से दो बार शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने से क्षेत्र में शराब माफिया की सक्रियता का खुलासा हुआ है। उधर, डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---