दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक के साथ लगते चलेट गांव के अधेड़ व्यवसायी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई।
चलेट में ही हार्डवेयर की दुकान कर रहे 47 वर्षीय शिरोमणि कुमार ने वीरवार सुबह जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी तबियत बिगड़ने लगी। परिजन उसे सुबह सात बजे आनन-फानन में एफआरयू अस्पताल दौलतपुर चौक लेकर आए, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी बिगड़ती हालत देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी राजेंद्र पठानिया ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत केस दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम करवाया।
इसके बाद उसे दाह संस्कार के लिए परिजनों के हवाले किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मृतक तीन बार घर छोड़कर भाग चुका था। पुलिस ने दो बार उसे ढूंढकर परिजनों को सौंपा था। उन्होंने बताया कि मृतक शिरोमणि अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को छोड़ गया है।