अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल (ऊना)।
बाथू गांव में पुलिस ने गैस टैंकर से गैस चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बाथू गांव की खड्ड के किनारे टैंकर से गैस चोरी कर गैस सिलेंडर भर रहे थे। टाहलीवाल पुलिस चौकी के कर्मियों ने टैंकरों में से गैस चोरी कर सिलेंडर भरने के आरोप में दो टैंकर चालकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि एलपीजी गैस से भरे हुए टैंकर मैहतपुर के रायपुर स्थित गैस प्लांट के लिए ले जाए जा रहे थे। टैंकरों चालकों की लापरवाही से क्षेत्र में बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार टाहलीवाल के निकटवर्ती गांव बाथू में खड्डे के किनारे सुनसान जगह में एलपीजी गैस के टैंकर चालक बुधवार को सुबह चार बजे के करीब गैस के टैंकरों से घरेलू गैस सिलेंडर भर रहे थे।
टाहलीवाल पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों ने गश्त के दौरान तीन लोगों को गैस सिलेंडर से गैस चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शातिरों ने गैस भरने के लिए 13 गैस सिलेंडर लेकर आए थे। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपियों से सात भरे हुए गैस सिलेंडर और छह खाली गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक करण सिंह निवासी गांव चंबी तहसील जयसिंहपुर जिला कांगड़ा, रजत निवासी गांव कुटान तहसील जयसिंहपुर जिला कांगड़ा और हेमराज निवासी गांव बाथू तहसील हरोली के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।