अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)।
पुलिस थाना अंब के तहत रिपोह मिसरां में रंगड़ों के काटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रिपोह मिसरां निवासी कुलदीप (42) पुत्र रसील सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर सायं रिपोह मिसरां निवासी कुलदीप घर के समीप ही घास लेने गया हुआ था। इसी दौरान रास्ते में रंगड़ों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया।
रंगड़ों ने कुलदीप को बुरी तरह से जकड़ लिया। उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हुए और कड़ी मशक्कत कर उसे छुड़ाया। लेकिन रंगड़ों ने कुलदीप के शरीर पर गहरे जख्म कर दिए। पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रंगड़ों के काटने से कुलदीप के शरीर में जहर ज्यादा फैल गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। अंब थाना के प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों और परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।